गदरपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर चला जागरूकता अभियान

गदरपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर वार्ड नंबर 7 स्थित गूलरभोज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया

गदरपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर चला जागरूकता अभियान

गदरपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर वार्ड नंबर 7 स्थित गूलरभोज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गदरपुर पालिकाध्यक्ष मनोज गुंबर (मिन्टू) मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाकर उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना समाज और अभिभावकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित करता है, इसलिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को साफ-सफाई रखने, हाथ धोने और स्वच्छ भोजन करने की भी सलाह दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना और उन्हें स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ 0 अंजनी कुमार एवं मेडिकल टीम द्वारा बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बच्चों को स्वच्छता अपनाने, नियमित हाथ धोने और साफ पानी पीने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, मेडिकल टीम, अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखना रहा।