72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, डंपर चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
काशीपुर। धनौरी पट्टी क्षेत्र में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा करते हुए डंपर चालक समेत दो आरोपियों
तकनीकी साक्ष्य, सीडीआर और 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बनी पुलिस की अहम कड़ी
काशीपुर। धनौरी पट्टी क्षेत्र में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा करते हुए डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने जांच को भटकाने के लिए मृतका का मोबाइल फोन सड़क किनारे रख दिया था। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
20 अगस्त की सुबह रामनगर रोड स्थित धनौरी पट्टी में सड़क किनारे युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतका के सिर पर चोट के निशान मिलने पर पुलिस ने हत्या की आशंका में जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने काशीपुर पुलिस को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
250 कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस ने मृतका के घर से घटनास्थल तक आने-जाने वाले संभावित मार्गों को चिन्हित कर करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले एक डंपर की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
इसके साथ ही मृतका और संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर तथा लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि घटना से कुछ समय पहले मृतका की लोकेशन चैती मैदान के आसपास थी। उसने सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहे जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे तीन मिनट बाद रद्द कर दिया गया।
जांच के दौरान मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डंपर चालक छोटे को सड़क पर पड़ा मिला। मोबाइल फ्लाइट मोड में था। तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया।
पूछताछ में सामने आई घटना की कड़ी
वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई चला रहा था। उसके साथ सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, भी मौजूद था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार डंपर में बैठी युवती के साथ आरोपी ने जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और युवती पर डंपर में रखे लोहे के हुक से हमला किया गया। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए।
डंपर से बरामद हुआ सामान
पुलिस ने 23 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर से घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक, मृतका का बैग और अन्य सामान बरामद किया गया। बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू पुत्र ललित (39 वर्ष) निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई और सुमित पुत्र राजू (19 वर्ष) निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से हत्या की कड़ियां जोड़ी गईं और 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की तकनीकी निगरानी और सतर्कता से बच नहीं सकता। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


News Desk 

