10 अगस्त को गदरपुर में होगा राष्ट्रीय किसान एवं सहकारिता सम्मेलन-2026
गदरपुर। कृषकों को आधुनिक खेती और सहकारिता से जोड़ने के उद्देश्य से कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) द्वारा 10 अगस्त 2026, सोमवार को शहनाई वाटिका
वन मंत्री सुबोध उनियाल होंगे मुख्य अतिथि, पूर्व पंजीकरण अनिवार्य
गदरपुर। कृषकों को आधुनिक खेती और सहकारिता से जोड़ने के उद्देश्य से कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) द्वारा 10 अगस्त 2026, सोमवार को शहनाई वाटिका, आवास विकास, गदरपुर में 'राष्ट्रीय किसान एवं सहकारिता सम्मेलन-2026' का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए कृभको की निदेशक शिल्पी अरोड़ा ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण तथा कृषि क्षेत्र की नवीनतम जानकारियों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से बड़ी संख्या में किसान इस सम्मेलन में भाग लेंगे। कृषि विशेषज्ञ कार्यक्रम में किसानों को खेती को अधिक लाभकारी और लागत प्रभावी बनाने के आधुनिक तरीकों से अवगत कराएंगे। श्रीमती अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के वन मंत्री माननीय श्री सुबोध उनियाल होंगे। सम्मेलन में जनपद ऊधम सिंह नगर के सभी 9 विधायकों, गदरपुर के ब्लॉक प्रमुख, जनप्रतिनिधियों तथा सहकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के आयोजन में फिक्की लेडीज़ ऑर्गेनाइजेशन (FLO) उत्तराखंड चैप्टर, सैफ्रन एग्रो मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड तथा तिरुपति कोऑपरेटिव का विशेष सहयोग एवं सहभागिता रहेगी। सम्मेलन में शामिल होने के इच्छुक किसानों के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक किसान शनिवार, 8 अगस्त 2026 सायं 5:00 बजे तक मोबाइल नंबर 9853535382 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। बिना पंजीकरण के कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


News Desk 

