स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार, 19 महिलाओं का रेस्क्यू

रुद्रपुर/पंतनगर/ट्रांजिट कैंप (ऊधमसिंहनगर), 5 अप्रैल 2026। जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई

स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार, 19 महिलाओं का रेस्क्यू

रुद्रपुर/पंतनगर/ट्रांजिट कैंप (ऊधमसिंहनगर), 5 अप्रैल 2026। जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 19 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होते पाए जाने पर मौके से ग्राहकों और संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 143 बीएनएस और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3/4/5/6/7 के तहत 5 अभियोग दर्ज किए गए हैं।

कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज मामलों में गौरव साहू, सूरज राठौर, अरशद, रोहित छाबड़ा सहित अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ संचालक अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

वहीं पंतनगर क्षेत्र के मेट्रोपोलिस मॉल स्थित The Thai Unisex Spa, Diamond Spa और The Green Valley Spa में भी छापेमारी के दौरान अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि हुई। यहां से करीब 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया और तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में भी “थाई स्पा” और “एंजेल स्पा” की जांच के दौरान रिकॉर्ड में भारी अनियमितताएं सामने आईं। इस पर पुलिस ने संबंधित संचालकों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कुल 20 हजार रुपये का चालान किया।

पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू की गई सभी महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उन्हें काउंसलिंग व पुनर्वास के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में अवैध कारोबार और अनैतिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे नेटवर्क पर लगातार और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अब इस पूरे गिरोह के व्यापक नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संदिग्ध स्पा सेंटरों को भी चिन्हित कर आगामी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।