हर कदम फिटनेस की ओर, हर प्रयास पर्यावरण की ओर — जनता के बीच पैदल उतरे एसएसपी अजय गणपति

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री अजय गणपति ने पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और अनुशासन का प्रेरणादायक संदेश देते हुए एक

हर कदम फिटनेस की ओर, हर प्रयास पर्यावरण की ओर — जनता के बीच पैदल उतरे एसएसपी अजय गणपति

फ्यूल अनुशासन पॉलिसी के तहत 05 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे कार्यालय, पुलिसकर्मियों को पिलाया जूस और सुनी जनता की समस्याएं

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री अजय गणपति ने पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और अनुशासन का प्रेरणादायक संदेश देते हुए एक अनूठी पहल की है। मा० प्रधानमंत्री एवं मा० मुख्यमंत्री उत्तराखंड के पर्यावरण संरक्षण विजन को आगे बढ़ाते हुए एसएसपी ने “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी” के तहत लगभग 05 किलोमीटर पैदल चलकर अपने कार्यालय पहुंचकर पुलिस विभाग और आमजन के सामने एक मिसाल पेश की।

एसएसपी अजय गणपति द्वारा प्रत्येक शनिवार को “नो व्हीकल डे” अनिवार्य किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उनकी यह मुहिम पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी की नई सोच विकसित कर रही है।

पैदल यात्रा के दौरान एसएसपी ने विभिन्न चौक-चौराहों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और भीषण गर्मी में उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों को जूस एवं ठंडा पानी पिलाकर उनका मनोबल बढ़ाया तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

यात्रा के दौरान रास्ते में मिले फरियादियों की समस्याओं को भी एसएसपी ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

एसएसपी अजय गणपति की यह अनूठी पहल फिटनेस, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों द्वारा उनके इस कदम की सराहना की जा रही है।