ईद-उल-अजहा (बकरीद) और निर्जला एकादशी को लेकर एसएसपी अजय गणपति की हाईलेवल बैठक, सुरक्षा व सौहार्द बनाए रखने के सख्त निर्देश

रुद्रपुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) एवं निर्जला एकादशी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस

ईद-उल-अजहा (बकरीद) और निर्जला एकादशी को लेकर एसएसपी अजय गणपति की हाईलेवल बैठक, सुरक्षा व सौहार्द बनाए रखने के सख्त निर्देश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों संग समीक्षा, ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाने के निर्देश

रुद्रपुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) एवं निर्जला एकादशी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान पूरे जनपद में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाया जाएगा, जिसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, गश्त तेज करने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
समाज में आपसी भाईचारा एवं संवाद कायम रखने के उद्देश्य से 23 मई और 24 मई 2026 को विभिन्न स्तरों पर पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे किसी भी प्रकार के तनाव या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो और सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर होने वाली कुर्बानी को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नए या गैर-परंपरागत स्थान पर कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा यह प्रक्रिया केवल निर्धारित और कवर्ड एरिया (ढके हुए स्थान) में ही संपन्न होगी। पुलिस द्वारा तीनों दिनों तक कुर्बानी स्थलों की लगातार निगरानी की जाएगी और निकलने वाले अपशिष्ट का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
वहीं, 27 मई 2026 को निर्जला एकादशी पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान कहीं भी खुले में मांस अथवा अपशिष्ट न दिखाई दे, जिससे किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाएं प्रभावित न हों।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरे जनपद को 06 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने इस दौरान मीडिया एवं पत्रकार बंधुओं से भी जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवेदनशील समय में बिना पुष्टि वाली खबरें, अफवाहें अथवा सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचा जाए, ताकि समाज में शांति एवं सौहार्द बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि वे त्योहारों को प्रेम, भाईचारे, स्वच्छता और शांति के साथ मनाएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।