हरिद्वार कांवड़ मेले के लिए सरकार अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार को जिला प्रभारी व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
बैठक में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ सफाई, चिकित्सा, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए. सरकार का अनुमान है कि इस बार चार करोड़ से अधिक कांवड़ श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे. इसलिए मेले के लिए करीब 21.5 करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है.
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाएगा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि गंगा में वाटर एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री बल की तैनाती की जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा सके. सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पहले तैयार कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले.
पहली बार आधे हाईवे पर होगी नई ट्रैफिक व्यवस्था: परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि इस बार कांवड़ मेले में पहली बार आधे हाईवे पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी. कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हाईवे को उनके लिए खाली कराया जाएगा. एक ही हाईवे पर आने और जाने की सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे शहर में जाम की स्थिति नहीं होगी और श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के यात्रा करने में सुविधा मिलेगी.
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन मिलकर ट्रैफिक प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे. सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.


News Desk 

