पंतनगर एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा, 380 करोड़ से विस्तार कार्य तेज
पंतनगर, 16 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर विस्तारीकरण
पंतनगर, 16 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर विस्तारीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण में अधिकारियों ने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत से विस्तार कार्य चल रहे हैं।
डीजीएम सिविल अनूप गुप्ता ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट विस्तार हेतु 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण के नाम आवंटित की जा चुकी है। टीडीसी, पंतनगर विश्वविद्यालय और सैनिक फार्म की आवंटित भूमि पर भवन ध्वस्तीकरण तथा पेड़ों की कटाई का कार्य पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट परिसर की चहारदीवारी का निर्माण जारी है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विस्तार योजना के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा, जिससे बड़े विमानों की लैंडिंग संभव होगी। इसके साथ नया टर्मिनल भवन, हैंगर, आईएलएस सुविधा, कार्गो टर्मिनल और नाइट लैंडिंग सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। मौजूदा एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्पडेस्क, प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार की जद में आ रहे राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने का सर्वे पूरा कर टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट से सटी भूमि पर गेस्ट हाउस का प्रस्ताव भी है, जबकि कुछ भूमि सेना को आवंटित की गई है।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने जनपद के विकास कार्यों की प्रस्तुति भी दी, जिसमें जनमन योजना, टीबी मुक्त अभियान, रुद्रपुर बाईपास, मेडिकल कॉलेज, अमृत योजना और महिला वर्किंग हॉस्टल जैसी परियोजनाओं की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य सचिव ने “वर्ल्ड ऑन व्हील्स डिजिटल लर्निंग लैब” के तहत प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों से संवाद किया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए।


News Desk 

