अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, पर्वों से पहले पुलिस ने कसी कमर

रुद्रपुर। आगामी कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, पर्वों से पहले पुलिस ने कसी कमर

रुद्रपुर। आगामी कांवड़ मेला एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दोनों पर्वों के दौरान पूरे जनपद में "ऑपरेशन क्लीन स्वीप" चलाया जाएगा। इसके तहत हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, किरायेदारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक सत्यापन एवं चेकिंग अभियान भी संचालित किया जाएगा।

बैठक में कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लुम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि पूरे जनपद में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस द्वारा 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जाएगी। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों को धार्मिक स्थलों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस उपस्थिति बनाए रखने, होटल-ढाबों और किरायेदारों का सघन सत्यापन करने, हर सूचना पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने तथा शांति समिति, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेला और चेहल्लुम जनपद के महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इन्हें सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना ऊधमसिंहनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पूरा पुलिस बल हाई अलर्ट मोड पर कार्य करेगा और शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।