गदरपुर फायरिंग कांड के 4 वांछित आरोपी गिरफ्तार, बाजपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त उत्तराखंड" के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त उत्तराखंड" के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। गदरपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग के बहुचर्चित मामले में चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं। वहीं बाजपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत महज 12 घंटे के भीतर बाइक चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
पुरानी रंजिश बनी फायरिंग की वजह
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को गदरपुर क्षेत्र के सरदार नगर अंडरपास कट के पास दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। यह रंजिश जुलाई माह में बाजपुर क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना के बाद चली आ रही थी। आरोप है कि नामजद आरोपियों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान सहजपाल सिंह के मित्र गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लग गई, जबकि सहजपाल सिंह और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया।
घटना के बाद कोतवाली गदरपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गदरपुर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन, मुखबिर तंत्र तथा भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की। 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय, गूलरभोज क्षेत्र से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और वाहन बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियां तथा एक बांस का डंडा बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मुकदमे में आयुध अधिनियम तथा बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में राजवीर सिंह विर्क, आकाशदीप सिंह, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी तथा सौरभ कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।
ऑपरेशन प्रहार में बाइक चोर गिरोह गिरफ्तार
दूसरी बड़ी सफलता बाजपुर पुलिस को मिली। हाल के दिनों में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल अनावरण के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक काशीपुर, क्षेत्राधिकारी बाजपुर और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान 3 अगस्त को शुगर फैक्ट्री क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम टीडा, फायम अली उर्फ फईम अली, कमल सिंह तथा सागर के रूप में हुई। इनके कब्जे से बाजपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई प्लेटिना और पैशन प्रो मोटरसाइकिल के अलावा गदरपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त उत्तराखंड" के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फायरिंग, अवैध हथियार, वाहन चोरी, नशा तस्करी और संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।


News Desk 

