एसआईआर में आपत्तियों के नाम पर वोट काटने की साजिश का कांग्रेस ने जताया विरोध

गदरपुर। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के खिलाफ लगाई जा रही आपत्तियों को लेकर

एसआईआर में आपत्तियों के नाम पर वोट काटने की साजिश का कांग्रेस ने जताया विरोध

गदरपुर। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के खिलाफ लगाई जा रही आपत्तियों को लेकर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया है। मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे और उपजिलाधिकारी अमृता शर्मा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नामों को लेकर आपत्तियां दाखिल की जा रही हैं। पार्टी का आरोप है कि इन आपत्तियों के माध्यम से चुनिंदा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित जांच और सुनवाई के न हटाया जाए।

ज्ञापन में विशेष रूप से मांग की गई कि जिस मतदाता के नाम पर आपत्ति दर्ज कराई गई है, उसे नोटिस देकर सुनवाई का अवसर दिया जाए। साथ ही, आपत्ति दाखिल करने वाले व्यक्ति को भी सुनवाई के दौरान नोटिस देकर बुलाया जाए, ताकि आपत्ति के आधार और उसकी वास्तविकता की जांच आमने-सामने की जा सके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और फर्जी अथवा दुर्भावनापूर्ण आपत्तियों पर रोक लग सकेगी।

पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने आरोप लगाया कि सत्ता के इशारे पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के वोट जानबूझकर काटे जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम को लेकर आपत्ति है तो संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।

इस दौरान गुरबाज सिंह, शैलेन्द्र शर्मा, टोनी पठान, परिमल राय, अंकुर चावला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।