गदरपुर में विकास की रफ्तार तेज, एक साल में 8.58 करोड़ के कार्य पूरे
नई सड़कों के निर्माण, से जहां आवागमन सुगम हुआ है
गदरपुर। नगर पालिका परिषद गदरपुर ने बीते एक वर्ष में विकास कार्यों की नई मिसाल पेश की है। नगर के 11 वार्डों में कुल 8 करोड़ 58 लाख 27 हजार रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कराए गए हैं। यह जानकारी नगर पालिका चेयरमैन मनोज गंगर मिंटू ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि विकास कार्यों में मुख्य रूप से सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, नालियों की व्यवस्था, जल निकासी सुधार, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। लंबे समय से लंबित समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए पालिका प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को गति दी।
नई सड़कों के निर्माण से जहां आवागमन सुगम हुआ है, वहीं नालियों के निर्माण और बेहतर जल निकासी व्यवस्था से जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है। पार्कों के सौंदर्यीकरण से स्थानीय नागरिकों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण उपलब्ध हुआ है।
चेयरमैन मनोज गंगर मिंटू ने कहा कि गदरपुर को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में कराए गए विकास कार्य नगर की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए गए हैं। आने वाले समय में भी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
नगरवासियों ने भी इन कार्यों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इसी गति से नगर का समग्र विकास आगे बढ़ेगा।


News Desk 

