नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गदरपुर में मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद
गदरपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में नशे के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में संयुक्त टीम
गदरपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में नशे के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में संयुक्त टीम ने गदरपुर के एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ कुमायूं यूनिट, कोतवाली गदरपुर पुलिस तथा औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने 2 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर मैन मार्केट गदरपुर स्थित कुमार मेडिकल हाल पर आकस्मिक चेकिंग की। तलाशी के दौरान विभिन्न कट्टों और पेटियों में छिपाकर रखी गई प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गईं।
बरामद दवाओं में 9416 ट्रामाडोल मिश्रित कैप्सूल, 1300 अल्प्राजोलाम टैबलेट तथा 51 कोडीन युक्त कफ सिरप (100 एमएल) शामिल हैं। ये सभी दवाइयां एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं। पुलिस ने मौके से मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार (53 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-01, मैन बाजार गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में कोतवाली गदरपुर में एफआईआर संख्या 74/2026 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाता था और किन-किन स्थानों पर सप्लाई करता था। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, औषधि निरीक्षक निधि शर्मा, उपनिरीक्षक नरेश पंत, उपनिरीक्षक विपिन जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल सहित एसटीएफ और कोतवाली गदरपुर की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


News Desk 

