शहद, मशरूम और डेयरी क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने पर सचिव का जोर

पंतनगर, 2 मई, 2026 (सू0वि0)- सचिव उत्तराखंड शासन संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग दीपक कुमार ने

शहद, मशरूम और डेयरी क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने पर सचिव का जोर

पंतनगर, 2 मई, 2026 (सू0वि0)- सचिव उत्तराखंड शासन संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग दीपक कुमार ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान आज पंतनगर विश्वविद्यालय का भ्रमण कर विभिन्न शोध एवं नवाचार गतिविधियों का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान सचिव ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शोध परियोजनाओं एवं उनके माध्यम से किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वैज्ञानिकों द्वारा विकसित नई तकनीकों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लगभग 20 से 22 लीटर प्रतिदिन दूध देने वाली उन्नत नस्ल की गायों का अवलोकन किया तथा पशुपालन क्षेत्र में हो रहे अनुसंधानों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पशुपालन क्षेत्र में इस प्रकार के नवाचार किसानों की आय वृद्धि में सहायक सिद्ध होंगे।

भ्रमण के दौरान मधुमक्खी पालन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां मधुमक्खी पालन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। सचिव महोदय ने राज्य में शहद उत्पादन को बढ़ावा देने तथा इसे स्वरोजगार के रूप में विकसित करने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने मशरूम उत्पादन इकाई का भी निरीक्षण किया, जहां वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न प्रकार के मशरूम के उत्पादन एवं प्रसंस्करण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने मशरूम उत्पादन को प्रोत्साहित करने तथा इससे जुड़े स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ाने के निर्देश दिए।

सचिव ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे शोध कार्यों की सराहना करते हुए निर्देशित किया कि अनुसंधान कार्यों को और अधिक व्यावहारिक एवं जनोपयोगी बनाया जाए, जिससे आम जनता एवं किसानों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।

इस अवसर पर कुलपति डॉ0 एसके  कश्यप, निदेशक प्रशासन बी एस चलाल, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, निदेशक शोध डॉ0 एस के वर्मा, संयुक्त निदेशक डेयरी अनुसंधान केंद्र डॉ0 शिव प्रसाद सैनी, संयुक्त निदेशक मधुमक्खी शोध केंद्र डॉ0 प्रमोद मल, संयुक्त निदेशक मशरूम अनुसंधान केंद्र डॉ0 एस के मिश्रा, मुख्य उद्यान अधिकारी सतीश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।