आईएफएसएमएन का 41वां स्थापना दिवस 29 अप्रैल को बेंगलुरु में मनाया जाएगा
नई दिल्ली/बेंगलुरु। इंडियन फेडरेशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर (आईएफएसएमएन) का 41वां स्थापना दिवस आगामी 29 अप्रैल को बेंगलुरु में आयोजित किया
नई दिल्ली/बेंगलुरु। इंडियन फेडरेशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर (आईएफएसएमएन) का 41वां स्थापना दिवस आगामी 29 अप्रैल को बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर एक वर्चुअल बैठक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें देशभर से संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ 0 पवित्र मोहन सामंतराय ने की, जबकि संचालन और मेजबानी संयुक्त महासचिव धीरज कुमार द्वारा की गई। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि संगठन का 41वां स्थापना दिवस इस बार बेंगलुरु में भव्य रूप से मनाया जाएगा।
आयोजन की जिम्मेदारी महासचिव बी एस डी. पांडेय को सौंपी गई है। इस आयोजन में आईएफएसएमएन की कर्नाटक इकाई सक्रिय भूमिका निभाएगी और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारियां की जाएंगी।
बैठक में संस्थापक सदस्य शिव कुमार और के संजीव, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शंकर कोडला राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद सैनी संयुक्त महासचिव नरेन्द्र कुमार तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य उदय सिन्हा सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ सदस्य वसवराज, विशाल आनंद और संतोष कुमार यादव समेत अन्य सदस्यों ने भी बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
बैठक के दौरान पत्रकारों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा की गई। इनमें देशभर में पत्रकार उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई गई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही पत्रकारों के लिए पेंशन व्यवस्था को मजबूत करने और प्रेस को लोकतंत्र का “चौथा स्तंभ” घोषित करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक का समापन कार्यक्रम समन्वयक ताहिर अहमद द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि बेंगलुरु में आयोजित होने वाला यह स्थापना दिवस समारोह पत्रकारों के हितों की आवाज को और मजबूत करेगा।


News Desk 

