उत्तम नगर घटना पर राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर भाजपा का हमला
नई दिल्ली,( रीमा शर्मा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने दिल्ली के उत्तम नगर में दलित युवक की हत्या के मामले में कांग्रेस नेता
नई दिल्ली,( रीमा शर्मा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने दिल्ली के उत्तम नगर में दलित युवक की हत्या के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए पासवान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का “डीएनए दलित विरोधी” है और दलित समाज को कांग्रेस के साथ “घुटन महसूस होती है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल उन्हीं घटनाओं पर जाते हैं जहां उन्हें राजनीतिक लाभ दिखाई देता है। पासवान ने कहा कि हाथरस जैसी घटनाओं पर सक्रिय रहने वाले राहुल गांधी अब तक उत्तम नगर नहीं पहुंचे, जबकि इस मामले में उन्होंने केवल एक ट्वीट कर औपचारिक संवेदना जताई है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय और तुष्टिकरण के बीच चुनाव होने पर तुष्टिकरण को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने रंगनाथ मिश्रा कमेटी और सच्चर कमेटी का हवाला देते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए।
पासवान ने कांग्रेस पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के सम्मान में देरी और दलित नेताओं के अपमान के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का अवसर भाजपा सरकार में मिला है।
अंत में उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि दलित समाज अब जागरूक है और अपनी भागीदारी चाहता है।


News Desk 

