कांग्रेस ने किया असम के मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट होने का खुलासा
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा को लेकर सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
पवन खेड़ा ने कहा- मुख्यमंत्री की पत्नी के नाम दुबई में दो प्रॉपर्टी, लेकिन उन्होंने चुनावी हलफनामे में इसका जिक्र नहीं किया
कांग्रेस का सवाल- सरमा परिवार के पास अमेरिका में कंपनी, 52,000 करोड़ रुपये कहां से आए?
गृह मंत्री से एसआईटी जांच की मांग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब देने को कहा
चुनाव आयोग से हलफनामे में संपत्ति छिपाने के आरोप पर संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 05 अप्रैल
Rima Sarmah
कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा को लेकर सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए पार्टी के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने बताया कि सरमा की पत्नी के पास तीन विदेशी पासपोर्ट हैं और विदेश में अघोषित संपत्तियां हैं, जिनका जिक्र उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में नहीं किया है।
हिमंत बिस्वा सरमा की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि इन खुलासों के आधार पर उन्हें एक दिन भी जेल के बाहर नहीं रहना चाहिए, उनका नामांकन रद्द होना चाहिए।
दस्तावेजों का हवाला देते हुए पवन खेड़ा ने बताया कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास संयुक्त अरब अमीरात, एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के सक्रिय पासपोर्ट हैं। उन्होंने पूछा कि भारत का कानून दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं देता, तो क्या रिनिकी भुइयां सरमा के पास भारतीय पासपोर्ट भी है? उन्होंने सवाल किया कि एक मुख्यमंत्री की पत्नी को तीन विदेशी पासपोर्ट रखने की क्या आवश्यकता है? क्या वे कोई अपराधी हैं?
कांग्रेस नेता ने कटाक्ष किया कि मुख्यमंत्री सरमा की पूरी राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर टिकी है, लेकिन उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं।
पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री सरमा के पास भी दूसरे देशों के पासपोर्ट हैं? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह चुनाव हारने के बाद फरार होने की तैयारी है? उन्होंने कहा कि हिमंत को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गोद लिया हुआ बेटा बताया जाता है। उन्होंने पूछा कि क्या गृह मंत्री अपने गोद लिए हुए बेटे और उनकी पत्नी के खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे?
कांग्रेस नेता ने बताया कि रिनिकी भुइयां सरमा के नाम दुबई में दो प्रॉपर्टी हैं, जिनकी पूरी जानकारी उपलब्ध है। लेकिन मुख्यमंत्री सरमा ने अपने चुनावी हलफनामे में इनका कोई जिक्र नहीं किया। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के वायोमिंग में रिनिकी भुइयां सरमा की एक कंपनी है, जिसमें मुख्यमंत्री सरमा और उनके बेटे का नाम भी शामिल है। रिनिकी भुइयां सरमा एसेट कलेक्टिव एलएलसी नाम की इस कंपनी का बजट 3,467 करोड़ अमेरिकी डॉलर है और इसकी योजना अमेरिका में होटल खोलने की है। वहीं, कंपनी की वह राशि, जो परिवार के ही तीन लोगों में बांटी जानी है, वो 52,000 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री को ये बताना चाहिए कि उन्होंने इतने रुपये कैसे कमाए? उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री सरमा ने शेल कंपनियां बनाई हैं। उन्होंने कहा कि वायोमिंग को इसलिए चुना गया क्योंकि वहां टैक्स नहीं लगता और वह संपत्ति छिपाने की मशहूर जगह है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इन खुलासों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के चेहरे पर अगर कोई नकाब बचा हो तो उसे भी उतारकर बाहर फेंक देना चाहिए।
खेड़ा ने गृह मंत्री अमित शाह से पूछा कि क्या वे इस मामले में एसआईटी का गठन करवाकर जांच कराएंगे? उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांग की कि मुख्यमंत्री द्वारा अपने हलफनामे में संपत्ति की पूरी जानकारी छिपाने पर संज्ञान लें और उनका नामांकन रद्द करें।


News Desk 

