रुद्रपुर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 नाबालिग समेत 5 युवतियां रेस्क्यू
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का खुलासा किया है। टीम ने गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ पर छापा मारकर दो नाबालिग समेत पांच युवतियों को मुक्त कराया, जबकि दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सूचना पर कार्रवाई, मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद
AHTU को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर में बाहरी राज्यों की युवतियों को लाकर अनैतिक गतिविधियों में धकेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने औचक छापेमारी की। मौके से पांच मोबाइल फोन, एक स्कैनर, रिसेप्शन रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
ऐसे चलता था रैकेट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिजोरम की युवतियों को नौकरी का झांसा देकर रुद्रपुर लाते थे। यहां लाने के बाद उन्हें डरा-धमकाकर ग्राहकों के साथ देह व्यापार करने के लिए मजबूर किया जाता था। रेस्क्यू की गई सभी युवतियां मिजोरम की रहने वाली हैं।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संचालिका समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मिजोरम निवासी संचालिका, उसका पति, हाउसकीपिंग स्टाफ, रिसेप्शनिस्ट और एक ग्राहक शामिल है।
पहले से दर्ज है मुकदमा, मिजोरम पुलिस से तालमेल
इस मामले में आइजोल के ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन में पहले से मुकदमा दर्ज है। अब रुद्रपुर पुलिस ने भी भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही POCSO एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। मिजोरम पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आगे की जांच तेज कर दी गई है।
कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में AHTU की टीम ने अहम भूमिका निभाई, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों समेत कई अधिकारी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


News Desk 

