रुद्रपुर में होगा अंतरराष्ट्रीय पैनक्रियाटाइटिस कॉन्क्लेव 2027, देश-विदेश के विशेषज्ञ होंगे शामिल

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में वर्ष 2027 में एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन आईपीसीआई 2027 (International Pancreatitis Conclave India 2027) आयोजित

रुद्रपुर में होगा अंतरराष्ट्रीय पैनक्रियाटाइटिस कॉन्क्लेव 2027, देश-विदेश के विशेषज्ञ होंगे शामिल

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में वर्ष 2027 में एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन आईपीसीआई 2027 (International Pancreatitis Conclave India 2027) आयोजित किया जाएगा। यह कॉन्क्लेव 12 से 14 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा, जिसमें पैनक्रियाटाइटिस (अग्नाशय की सूजन) और उससे जुड़ी बीमारियों पर देश-विदेश के विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा, आयुर्वेद, पोषण, सार्वजनिक स्वास्थ्य और रिसर्च के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर पैनक्रियाटाइटिस के बेहतर उपचार, रोकथाम और दीर्घकालिक देखभाल के लिए समग्र दृष्टिकोण विकसित करना है।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित वैद्य बालेंदु प्रकाश, जिन्हें आयुर्वेदिक चिकित्सा में 50 वर्षों से अधिक का अनुभव है, विशेष भूमिका में नजर आएंगे। सम्मेलन में तीव्र (Acute), क्रॉनिक, पीडियाट्रिक और ऑटोइम्यून पैनक्रियाटाइटिस जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी।
कॉन्क्लेव में वैज्ञानिक प्रस्तुतियां, पैनल डिस्कशन, क्लीनिकल ऑडिट, रिसर्च पेपर, यंग रिसर्चर फोरम और मरीज जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि भारत में पैनक्रियाटाइटिस से जुड़ा डेटा सीमित है और इस बीमारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक समन्वित एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मेलन आधुनिक चिकित्सा और आयुर्वेद के बीच संवाद बढ़ाने के साथ-साथ मरीज-केंद्रित एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह आयोजन उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।