गदरपुर। ज्ञान बिहार कॉलोनी में मकान निर्माण के दौरान रास्ते को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार एवं कुमाऊँ केसरी समाचार पत्र के संपादक प्रदीप फुटेला के साथ कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।
प्रदीप फुटेला के अनुसार, ज्ञान बिहार कॉलोनी में उनका मकान निर्माणाधीन है। मकान के फ्रंट और बैक साइड दोनों ओर रास्ता है। मकान के पीछे नगर पालिका परिषद की ओर से टाइल्स रोड का निर्माण भी कराया गया है। इसके बावजूद कॉलोनाइजर गुलशन छाबड़ा द्वारा उन्हें पीछे की ओर रास्ता निकालने से रोका जा रहा है।

आरोप है कि इसी विवाद को लेकर कॉलोनाइजर गुलशन छाबड़ा अपने भाई और भतीजों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदीप फुटेला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा गया, “तू बड़ा भारी पत्रकार बनता है, आज तुझे निपटाएंगे।” मारपीट की सूचना मिलने पर प्रदीप फुटेला का बेटा आकाश जब मौके पर पहुंचा तो गुलशन छाबड़ा तथा उसके परिजनों ने अकाश के साथ भी मारपीट की,
घटना से आहत प्रदीप फुटेला ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।