गुलरभोज मंदिर विवाद में पीड़ित परिवार से मिलीं शिल्पी अरोड़ा, अस्पताल से डिस्चार्ज हुई बच्ची से भी की मुलाकात; कार्रवाई नहीं हुई तो एसएसपी कार्यालय पर देंगी धरना
राष्ट्रीय महासचिव, ऑल इंडिया महिला कांग्रेस एवं प्रवक्ता, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) शिल्पी अरोड़ा ने गुलरभोज मंदिर विवाद को लेकर घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल से डिस्चार्ज हुई बच्ची से भी बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि गुलरभोज में जिस तरह एक परिवार और उसकी बेटियों के साथ कथित तौर पर आपराधिक हमला किया गया, वह बेहद गंभीर और शर्मनाक है। उन्होंने मांग की कि गुलरभोज के चेयरमैन सतीश चुग के खिलाफ शिकायत में लगाए गए आरोपों की तत्काल निष्पक्ष जांच हो तथा नाबालिग बच्ची से संबंधित आरोपों की जांच में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। यदि जांच में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध के तथ्य सामने आते हैं तो तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री और ऊधम सिंह नगर के एसएसपी से मांग की कि इस मामले में किसी भी राजनीतिक दबाव के बिना तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिल्पी अरोड़ा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिला विरोधी, धर्म विरोधी और चंदा चोर सरकार है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का मंदिरों और धार्मिक प्रतिष्ठानों की आस्था एवं परंपराओं से कोई सरोकार नहीं है, वे आज धार्मिक स्थलों की जमीनों को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भू-माफियाओं और खनन माफियाओं को संरक्षण देने वाली सरकार बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी को बचाने और कथित तौर पर संरक्षण देने के गंभीर सवाल आज भी खड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनों पर कब्जे के विवाद में महिलाओं और बच्चियों के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि मंदिर आस्था के केंद्र हैं, न कि किसी की निजी व्यावसायिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम। यदि किसी मंदिर की जमीन को लेकर विवाद है तो उसका समाधान कानून और न्यायिक प्रक्रिया से होना चाहिए, न कि दबंगई और हिंसा से।
उन्होंने कहा कि गुलरभोज मंदिर की जमीन को लेकर यदि कोई विवाद है तो उसका समाधान कानूनी और सिविल प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। मंदिर की जमीन दान में दी गई होने की बात सामने आ रही है। यदि उसके दस्तावेजों, हस्तांतरण या स्वामित्व को लेकर कोई कानूनी विवाद है तो उसका निर्णय सक्षम न्यायालय और संबंधित प्राधिकरणों के माध्यम से होना चाहिए। किसी भी भाजपा नेता या पदाधिकारी को कानून अपने हाथ में लेने अथवा किसी परिवार को डराने-धमकाने और उस पर हमला करवाने का अधिकार नहीं है।
शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि यदि मंदिर परिसर खाली कराना था, पुजारी को हटाना था या प्रबंधन में बदलाव करना था तो उसके लिए विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाई जा सकती थी। पुजारी का बकाया मानदेय और अन्य देय भुगतान जारी कर, नियमानुसार उनकी जगह दूसरे पुजारी की नियुक्ति की जा सकती थी। लेकिन किसी भी जमीन या मंदिर के विवाद को महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हिंसा का माध्यम बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से यह आशंका जताई गई है कि मंदिर की जमीन की बढ़ती कीमत के चलते उसे हटाकर होटल बनाने की मंशा हो सकती है। इस पूरे मामले की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
शिल्पी अरोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि एसएसपी द्वारा तत्काल शिकायत पर संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच शुरू नहीं की गई, दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार मुकदमा दर्ज नहीं हुआ और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वह एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं और बच्चियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। सत्ता और राजनीतिक रसूख के दम पर किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रहने दिया जाएगा।