रूद्रपुर 28 नबम्बर 2026 सूचना। जनपद की सभी तहसीलों में आपदा प्रबंधन एवं त्वरित राहत-बचाव तैयारियों को परखने हेतु वृहद मॉक ड्रिल का सफल आयोजन हुआ। जनपद में संभावित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों, विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (Response System) की समीक्षा के उद्देश्य से शनिवार 28 नवम्बर को जनपद की सभी प्रमुख तहसीलों (जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज एवं खटीमा) में एक साथ सफल मॉक अभ्यास (Mock Drill) का आयोजन किया गया।


अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि इन व्यापक, यथार्थपरक एवं बहु-विभागीय मॉक अभ्यासों के माध्यम से जनपद की आपदा से निपटने की समग्र क्षमता, आपसी समन्वय, संसाधन प्रबंधन एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का प्रभावी परीक्षण किया गया।
इस प्रकार के अभ्यास न केवल आपदा के समय जन-धन की हानि को न्यूनतम करने में सहायक सिद्ध होंगे, बल्कि आमजन में जागरूकता एवं विश्वास को भी सुदृढ़ करेंगे। भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित अभ्यासों के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सशक्त एवं सक्षम बनाया जाता रहेगा।

इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र (आपदा कंट्रोल रूम) द्वारा सूचना प्राप्त होते ही संबंधित तहसील कंट्रोल रूम को तत्काल सक्रिय किया गया तथा एन.डी.आर.एफ. (NDRF), एस.डी.आर.एफ. (SDRF), अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, वन, विद्युत, लोक निर्माण एवं पूर्ति विभाग की टीमों ने मौके पर पहुँचकर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य (Rescue Operation) को अंजाम दिया। तहसीलवार मॉक ड्रिल घटनाक्रम एवं राहत-बचाव कार्य का विस्तृत विवरण

1. तहसील किच्छा (सड़क दुर्घटना – घना कोहरा)
घटना एवं समय: प्रातः 09:32 बजे किच्छा-पुलभट्टा रोड पर घने कोहरे के कारण 03 से 04 ऑटो वाहनों के आपस में टकराने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई।
कार्रवाई एवं बचाव: सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को सतर्क किया गया। प्रातः 09:52 बजे तक सभी टीमें मौके पर पहुँच गईं और सड़क को आंशिक रूप से बंद कर बचाव कार्य शुरू किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने हेतु क्रेन व ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की गई। दुर्घटना में 2-3 लोग घायल हुए, जिन्हें एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, किच्छा भेजा गया। प्रातः 10:06 बजे तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु कर दी गई।

2. तहसील रुद्रपुर (मानव-हाथी संघर्ष)
घटना एवं समय: प्रातः 09:55 बजे संजय वन, रुद्रपुर के समीप आबादी क्षेत्र में जंगली हाथियों के घुसने की सूचना प्राप्त हुई।
कार्रवाई एवं बचाव: 09:57 से 10:00 बजे के बीच एन.डी.आर.एफ., वन विभाग, अग्निशमन एवं पुलिस टीमों को रवाना किया गया। प्रातः 10:15 बजे एक ग्रामीण (विजय पुत्र प्रभूनाथ, उम्र 24 वर्ष) के हाथी के हमले से घायल होने की सूचना मिली, जिसे एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय, रुद्रपुर भेजा गया। ग्राम प्रधान के माध्यम से लाउडस्पीकर द्वारा ग्रामीणों को सतर्क किया गया और टीमों ने हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया। प्रातः 11:00 बजे नुकसान के आकलन के साथ रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक समाप्त किया गया।

3. तहसील खटीमा (औद्योगिक गैस रिसाव)
घटना एवं समय: प्रातः 10:05 बजे ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खटीमा के औद्योगिक परिसर में अमोनिया गैस के रिसाव की सूचना मिली।
कार्रवाई एवं बचाव: 10:06 से 10:10 बजे के बीच राज्य व जिला कंट्रोल रूम, पुलिस, फायर व एन.डी.आर.एफ. को सूचित कर तहसील कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया। प्रातः 10:32 बजे संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुँचकर परिसर में फंसे 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। घटना में घायल 02 कर्मचारियों (विपिन कुमार, 25 वर्ष एवं अमित कुमार, 45 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक चिकित्सालय, खटीमा भेजा गया। समय 11:29 बजे गैस पाइपलाइन बंद कर रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
4. तहसील काशीपुर (अस्पताल के NICU वार्ड में आग)
घटना एवं समय: प्रातः 10:15 बजे एल.डी. भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर के एन.आई.सी.यू. (NICU) वार्ड में विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने तथा 02 नवजात शिशुओं के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई।
कार्रवाई एवं बचाव: 10:19 बजे पुलिस, फायर और एस.डी.आर.एफ. की टीमों को मौके पर भेजा गया। फायर स्टेशन काशीपुर की टीम ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया और दोनों नवजात शिशुओं को सकुशल रेस्क्यू कर चिकित्सकों की देखरेख में अस्थायी एन.आई.सी.यू. में शिफ्ट किया। विद्युत विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
5. तहसील बाजपुर (भूकम्प से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त)
घटना एवं समय: प्रातः 10:25 बजे नेपाल के डोटी क्षेत्र में आए 6.3 तीव्रता के भूकम्प के झटकों के कारण पी.एम. श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बाजपुर के भवन की दीवारों में दरारें आने और मलबा गिरने से 121 बालिकाओं के फंसे होने की सूचना मिली।
कार्रवाई एवं बचाव: 10:26 बजे तहसील कंट्रोल रूम सक्रिय कर एन.डी.आर.एफ., पुलिस, फायर, चिकित्सा, लोक निर्माण व पूर्ति विभाग की टीमों को रवाना किया गया। रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 80 बालिकाओं को रिलीफ कैम्प में उपचार दिया और 36 बालिकाओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा। इसके अतिरिक्त मलबे में दबी 05 अन्य बालिकाओं (गुलफिजा 17 वर्ष, काजल 15 वर्ष, पायल 15 वर्ष, दीक्षा 15 वर्ष एवं पूजा 17 वर्ष) को भी एन.डी.आर.एफ. की टीम ने 11:05 बजे तक सकुशल रेस्क्यू कर उपचार हेतु रिलीफ कैम्प पहुँचाया।
6. तहसील गदरपुर (पटाखा फैक्ट्री में आग एवं विस्फोट)
घटना एवं समय: प्रातः 11:00 बजे ग्राम जीवनपुर, गदरपुर स्थित पटाखा फैक्ट्री ‘छाबड़ा एजेन्सीज’ के भंडारण कक्ष में शॉर्ट सर्किट से आग लगने व विस्फोट होने तथा 05 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली।
कार्रवाई एवं बचाव: 11:05 बजे सूचना प्रसारित होने के बाद 11:10 बजे एन.डी.आर.एफ., फायर व पुलिस की टीमों ने मोर्चा संभाला। फैक्ट्री की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। रेस्क्यू के दौरान 03 घायल कर्मचारियों को अस्पताल भेजा गया, जबकि लापता हुए 02 अन्य कर्मचारियों को पुलिस टीम ने 11:47 बजे तक सकुशल खोज लिया (जो घटना के समय सुरक्षित बाहर निकल गए थे)। समय 11:59 बजे आग पर पूर्ण नियंत्रण पा लिया गया।
7. तहसील सितारगंज (एल.पी.जी. गैस रिसाव एवं आग)
घटना एवं समय: प्रातः 11:15 बजे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), सितारगंज परिसर में एल.पी.जी. गैस लोडिंग के दौरान पाइपलाइन से गैस रिसाव होने की सूचना प्राप्त हुई।
कार्रवाई एवं बचाव: 11:22 बजे फायर, एन.डी.आर.एफ. व पुलिस की टीमें मौके पर रवाना हुईं। गैस रिसाव के कारण लगी आग की चपेट में आने से 05 कर्मचारी (साजन 20 वर्ष, करन 56 वर्ष, जितेन्द्र 50 वर्ष, ब्रजनन्दन 36 वर्ष एवं राधेश्याम 35 वर्ष) घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नागरिक चिकित्सालय, खटीमा भेजा गया। समय 12:25 बजे आग पर पूर्ण काबू पा लिया गया।
8. तहसील खटीमा (आरक्षित वन क्षेत्र में वनाग्नि)
घटना एवं समय: प्रातः 11:40 बजे सुरई वन रेंज, खटीमा के आरक्षित वन क्षेत्र में भीषण वनाग्नि (जंगल की आग) की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दी गई।
कार्रवाई एवं बचाव: 11:42 बजे सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, वन विभाग के 32 कर्मचारी, एन.डी.आर.एफ. के 22 जवान, पुलिस, होमगार्ड एवं 04 फायर टेंडर मौके पर पहुँचे। वनाग्नि की चपेट में आकर 04 लोग झुलस गए, जिन्हें एम्बुलेंस द्वारा नागरिक चिकित्सालय, खटीमा रेफर किया गया। संयुक्त टीमों के अथक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया।
9. तहसील जसपुर (लकड़ी मंडी के गोदाम में आग)
घटना एवं समय: दोपहर 12:20 बजे (कंट्रोल रूम को 12:26 बजे प्राप्त सूचनानुसार) तहसील जसपुर के लकड़ी मंडी क्षेत्र स्थित एक लकड़ी के गोदाम में भीषण आग लगने की सूचना मिली।
कार्रवाई एवं बचाव: 12:28 बजे संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया और 12:34 बजे पुलिस, स्वास्थ्य व अग्निशमन विभाग के वाहन मौके पर पहुँच गए। एहतियातन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। घटना में कुल 05 लोग घायल हुए (02 सामान्य, 02 आंशिक एवं 01 गंभीर घायल)। सामान्य व आंशिक घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जसपुर तथा 01 गंभीर घायल को जिला अस्पताल, रुद्रपुर रेफर किया गया। दोपहर 12:48 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सभागार कक्ष में जनपद के इंसिडेंट कमांडर का रोल अपर जिला अधिकारी विनोद कुमार द्वारा संभाला गया।
मॉक ड्रिल कंट्रोल रूम में मुख्यतः विनोद कुमार अपर जिला अधिकारी उधम विनोद कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, अधिशासी अभियंता विद्युत विनोद कांडपाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी बी एस रावत आदि उपस्थित रहे अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।