बिजनेस उत्तरायणी द्वारा उत्तराखंड के रामनगर में आयोजित छठा राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन 2026’ सम्पन्न

Kumaonadmin
14 Min Read

सी एम पपनैं

रामनगर (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के प्रतिष्ठित उद्यमियों व व्यवसायियों द्वारा गठित ‘बिजनिश उत्तरायणी’ द्वारा आयोजित छठा राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन 2026’ का प्रभावशाली आयोजन 28 नवंबर को मयूर ऑडिटोरियम पी एन जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर, नैनीताल में मुख्य व विशिष्ट अतिथियों में प्रमुख क्रमशः उत्तराखंड सरकार राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती विनोद उनियाल की अध्यक्षता, उक्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एम सी पांडे, भारतीय वन सेवा अधिकारी, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व निदेशक डॉ. साकेत बडोला व वरिष्ठ पत्रकार व सदस्य गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी अकादमी दिल्ली सरकार चंद्र मोहन पपनै की प्रभावी उपस्थिति तथा उत्तराखंड व देश के विभिन्न कस्बों व शहरों से मंथन में पधारे दर्जनों उद्यमियों व व्यवसायियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया।

छठे राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन 2026’ का विधिवत श्रीगणेश मुख्य व विशिष्ट अतिथियों के कर कमलों दीप प्रज्वलित कर व आयोजकों द्वारा मुख्य व विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र व उत्तराखंडी टोपी पहना कर तथा पुष्प गुच्छ प्रदान कर स्वागत अभिनंदन किया गया। अतिथियों के कर कमलों ‘हिमालयन हाइट्स स्मारिका-2026’ तथा पी एन जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर नैनीताल के ई बुलेटिन त्रैमासिक स्मारिका-2026 ‘अभ्युदय’ का लोकार्पण किया गया।

आयोजित मंथन 2026 में उपस्थित उद्यमिता से जुड़े व्यवसायियों व उद्यमियों द्वारा स्वयं का परिचय अपने जुड़े व्यवसाय व उद्यम के साथ दिया गया। बिजनेस उत्तरायणी संस्थापक नीरज बवाड़ी द्वारा मंथन 2026 अधिवेशन शुभारंभ पूर्व सभागार में उपस्थित सभी उद्यमियों, व्यवसाईयों का स्वागत अभिनंदन कर आयोजक सहयोगी पी एन जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्राचार्य प्रो.(डॉ.) एम सी पांडे के प्रति आभार व्यक्त कर अवगत कराया गया, मध्य हिमालय उत्तराखंड के पर्वतीय भू-भाग में उद्यम विकास व व्यावसायिक संवर्धन हेतु 2007-2008 में स्थापित ‘बिजनिश उत्तरायणी’ (हिमालयन रिसोर्सेस एन्हांसमेंट सोसाइटी) उत्तराखंड के प्रबुद्ध प्रवासी जनों द्वारा गठित एक प्रतिबद्ध पंजीकृत संस्था है। सोसाइटी के व्यवसायिक सरोकारों के विकास हेतु मिलकर काम करने, साथ जुड़ उत्तराखंड में निवेश कर संयुक्त उपक्रम स्थापित कर नए आयाम स्थापित करने तथा रोजगार से संसाधनों के संवर्धन एवम पलायन के विरुद्ध एक सशक्त अभियान जिसमे राष्ट्रीय सहभागिता का सामूहिक प्रयास मुख्य उद्देश्य रहा है। सोसाइटी से जुड़े उत्तराखंड के प्रबुद्ध सदस्यों तथा उत्तराखंड के आंचलिक व प्रवासी जनों के सहयोग से हिमालयी उद्यम के संवर्धन व उत्थान हेतु सोसाइटी द्वारा वर्ष 2026 तक के क्रियाकलापो, मिली सफलता तथा भविष्य की योजनाओ व कार्यक्रमों के बावत विस्तार पूर्वक अवगत कराया गया।

छठे राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन 2026’ को सम्बोधित करने वाले मुख्य व विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ अन्य प्रमुख वक्ताओं में प्रमुख हितेश्वर आनंद (असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी), शिशिर बुडाकोटी (रामनगर), मनीष सुंदरियाल (रामनगर), राहुल रावत (देहरादून), दीपक जीना (कोटाबाग), गीता सत्यवली (हल्द्वानी), पुष्पा बिष्ट (लामाचौड़), अनीता नितेश्वर आनंद गौड़ (कान्या), देवेंद्र वर्मा (दिल्ली), शांति परमार (उत्तरकाशी), त्रिभुवन सिंह बिष्ट (हल्द्वानी), जीवन सिंह करायत (ढेला), जयंती रावत (दिल्ली), गिरीश तिवारी (रामनगर), सुरेंद्र हलसी (दिल्ली), सुशील चंद्र जोशी (रामनगर/अप्रवासी) इत्यादि इत्यादि उद्यम विकास के क्षेत्र में प्रमुख रूप से जुडे उक्त जनों द्वारा अपने सम्बोधन में उद्यमिता के संवर्धन से जुड़े अपने अनुभवों, मिल रही सफलता व चुनोतियों के बावत स-विस्तार अवगत कराया गया।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए पी एन जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एम सी पांडे द्वारा कहा गया, छात्र-छात्राओं को उद्यम विकास व अन्य व्यवसायों से जुड़ी शिक्षा मिले, प्रेरणा मिले इस उद्देश्य से वे आयोजित आयोजन के साथ खड़े हैं। कहा गया, उत्तराखंड से बेहद लगाव रहा है, उत्तराखंड में ही नौकरी करने की चाहत रही। प्रवास में ज्यादा तनख्वाह की नौकरी छोड़ उत्तराखंड में शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा आज स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य पद पर हूं। सभागार में उपस्थित सभी प्रबुद्ध जनों का स्वागत अभिनंदन करते हुए प्राचार्य महोदय द्वारा कहा गया, बिजनेस उत्तरायणी संस्थापक नीरज बवाड़ी जिस लगन और मेहनत से उद्यम विकास से जुड़े उद्यमियों व व्यवसायियों को एक जुट करने का जो हितकर कार्य कर रहे हैं अति प्रभावी और सराहनीय है, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को बिजनेस उत्तरायणी से जुड़ना चाहिए।

हितेश्वर आनंद (असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी) द्वारा कहा गया, समय की मांग क्वांटिटी नहीं क्वालिटी की है। लीडरशिप की कमी उत्तराखंड हर लेबल में झेल रहा है। अधिकारी ऑफिस में ज्यादा बैठते हैं फील्ड में कम। उन अधिकारियों की जरूरत है जो फील्ड का ज्ञान ले कार्य करे।

आई आर एस डॉ. साकेत बडोला द्वारा कहा गया, उनकी स्वयं की उद्यमिता विकास में रुचि रहती है। उक्त क्षेत्र में काम अच्छा हो रहा है। सिस्टम में सहयोग किया है लेकिन उत्तराखंड ने बड़े उद्यमी नहीं दिए हैं, यही हमारी चाहत है। कहा गया, उद्यमिता रोजगार देती है, दिशा देती है, पैसा देती है। लेकिन हमें यह पता नहीं है। उद्यमिता के संवर्धन से जुड़े। कार्यक्रम उद्यमिता को आगे बढ़ा सकते हैं, दिशा देते हैं।
डॉ. साकेत बडोला द्वारा अवगत कराया गया, नमक वाली ब्रांड, कीवी रिज़ॉर्ट उत्तराखंड से ही शुरू हुए हैं, आगे बढ़े हैं। तकनीक बदल रही है, एआई क्या कर डाले कुछ नहीं कह सकते। जॉब आगे क्या होने वाला है कह नहीं सकते। कहा गया, नीरज बवाड़ी ने जो रुचि ली है वह प्रेरणादाई है।

आई आर एस डॉ. साकेत बडोला द्वारा कहा गया, जब भी बिजनेश करे, देखना होगा, समाज को कैसे फायदा पहुंचेगा। संसाधनों का प्रयोग कैसे करे। फौकट में बिजनेस नहीं किया जा सकता। कहा गया, जब हाथियों को भगाने के लिए हनी हट का प्रयोग किया गया, हाथी भागे मधुमक्खियों की भनक से। उक्त कार्य से बहुत फायदा होगा। कहा गया, एक दूसरे के आइडिया लेकर आगे बढ़ना होगा। उत्तराखंड को कैसे आगे ले जाना है, योगदान देना होगा।

वक्ताओं द्वारा डिजिटल मीडिया के फायदे और शक्तियों तथा उत्तराखंड में तकनीकी संबंधित संभावनाओं पर विशेष जोर देते हुए स्वयं का अनुभव सांझा किया गया। विकसित आधुनिक तकनीक पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। उच्च तकनीक से उद्यमों को जोड़ कैसे सफलता प्राप्त की जा सकती है के बावत अवगत कराया गया। उद्यमिता संबंधित शिक्षा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला गया। हिमालयी क्षेत्रों में छोटे उद्यमियों को विकसित करने हेतु सभी की सहभागिता पर मुख्य रूप से वक्ताओं द्वारा बल दिया गया।

वक्ताओं द्वारा कहा गया, छोटे छोटे उद्यमियों को सरकार प्रोत्साहन दे, उन्हें उद्योग क्षेत्र में स्थान दे प्रोत्साहित करे। पर्वतीय उद्योग नीति पर कार्य किया जाए। कहा गया, आजतक जो भी उद्योग क्षेत्र बने सब तराई क्षेत्र में बने। उद्यमिता की बात पर्वतीय अंचल के बंजर खेतों में हो।

वक्ताओं द्वारा कहा गया, उत्तराखंड की महिलाओं में हुनर है, वे स्वावलम्बी हैं। जज्बा जिनमें है वे कार्य कर अच्छी इनकम कर रहे हैं। रिस्क लेना जरूरी है। सोच पॉजिटिव होगी तो सब अच्छा ही होगा।

युवाओं में देश के प्रति निष्ठा, उद्यमिता विकास और भारत का सशक्त नागरिक बनने हेतु चल रही विभिन्न योजनाओं पर भी वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला गया। जैव प्रौद्योगिकी से संबंधित व्यवसाय तथा नवीकरणीय संसाधनों के प्रयोग से एक बेहतर हिमालय के प्रारूप का ताना-बाना बनाने की योजना पर प्रकाश डाला गया। उत्तराखंड में व्यापक उद्योग स्थापित करने और रोजगार व्यवस्था बना पलायन रोकने की आवश्यकता पर वक्ताओं द्वारा स-विस्तार विचार व्यक्त किए गए। निर्मित उत्पादों का अच्छा भाव न मिलने व फंड की कमी झेलने पर उद्यमियों द्वारा निराशा व्यक्त की गई। कहा गया, पहाड़ी अंचल में बहुत कुछ करने की जरूरत है, निर्मित उत्पादों को बाजार, प्रचार-प्रसार की जरूरत है।

वक्ताओं द्वारा कहा गया, उत्तराखंड का उत्पादक अभावग्रस्त है। अनंत संभावनाएं हैं, उत्पादक अपने बल कार्य करें, किसी के सहारे नहीं। पहाड़ में बनाई गई योजनाएं पहाड़ के लायक नहीं हैं। लोगों की काम करने की क्षमता खत्म हो गई है। पहाड़ के लोगों से काम कराना मुश्किल हो रहा है, कारण, जो फ्री का राशन मिल रहा है। कहा गया, उत्पादक हैं, बाजार है, मैंन पावर नहीं है। स्किल डभलपमेंट की कमी है। आर्थिक प्रबंधन तथा अतिरिक्त आय स्रोत बनाने के विषय में व्यवसाय से जुड़े तथ्य वक्ताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए। स्वरोजगार संबंधी प्रयासों को सहयोग देने, उद्यमियों के आपस में सामंजस्य बैठा व्यवसाय करने तथा इस प्रकार के अधिवेशन में जागरूक सहभागिता का आहवान भी उद्यमिता से जुड़े वक्ताओं द्वारा किया गया।

वक्ताओं द्वारा व्यक्त किया गया, ‘बिजनिश उत्तरायणी’ द्वारा उत्तराखंड के आंचलिक प्रवासी और अप्रवासी उद्यमियों व व्यवसायियों को इकठ्ठा कर सबको एक साथ एक मंच पर लाकर भोगी जा रही असुविधाओं पर मंथन करने का जरिया बन महत्वपूर्ण उद्देश्य की पूर्ति करने का कार्य किया गया है, जो सराहनीय पहल है। वक्ताओं द्वारा उद्यम विकास हेतु संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यो व उत्तराखंड के जनमानस व राज्य की आर्थिक उन्नति के लिए उत्साही व प्रतिबद्ध उद्यमियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों, मिल रही सफलता व उद्यम विकास के क्षेत्र में अन्य जनसरोकारों से जुडी प्रभावी योजनाओ पर मुखर होकर विचार व्यक्त किए गए।

वक्ताओं द्वारा व्यक्त किया गया, आज मंथन की जरूरत है, कैसे हम सब जो यहां इकठ्ठा हुए व्यवसायी हैं उत्तराखंड के देश भर मे फैले व्यवसायियों को संदेश पहुंचा कर उन सबको इकठ्ठा कर, विश्वास जगा, एक टीम बना उत्तराखंड में स्वरोजगार की दिशा में लोगों को जागरूक कर राज्य व पर्वतीय अंचल के जनमानस के सरोकारों व आर्थिक उन्नति के लिए बड़े स्तर पर कार्य कर सफलता प्राप्त करे।

उत्तराखंड के कर्मठ प्रवासी उद्यमियों व विशेषज्ञों के सानिध्य में उत्तराखंड के उद्यमिता विकास से जुड़े अनेकों ज्वलंत मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा के साथ छठे राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन 2026’ आयोजन के धन्यवाद ज्ञापन पर बोलते हुए हल्द्वानी से मंथन में पहुंचे दयाल पांडे द्वारा ‘बिजनेस उत्तरायणी’ के प्रभावशाली उद्देश्यों व आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा स्थापित संस्था के भविष्य के महत्व पर प्रभावी प्रकाश डाला गया तथा भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों को प्राथमिकता देते रहने पर राय व्यक्त की गई।

अधिवेशन अध्यक्षता कर रही उत्तराखंड सरकार राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती विनोद उनियाल द्वारा अध्यक्षीय उद्बोधन में बिजनेश उत्तरायनी के कार्यों व उद्देश्यों की प्रशंसा करते हुए कहा गया, जब से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने दायित्व दिया है समस्त उत्तराखंड में घूमती हूं। सरकार ने सशक्त बहना योजना लागू की है। मुख्यमंत्री ने कहा है, सामान बहनों का बिकता नहीं है, विपणन कार्य योजना बनाई जा रही है। आत्मनिर्भरता के लिए स्वरोजगार अपनाना होगा। सरकार द्वारा लागू विभिन्न योजनाओं पर भी श्रीमती विनोद उनियाल द्वारा सारगर्भित प्रकाश डाला गया, कहा गया, युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, देने वाला बने। अपने उद्योगों को आगे बढ़ाए, स्वरोजगार को सरकार बढ़ावा देगी। कहा गया, आयोजित मंथनो में क्रेता-विक्रेता दोनों की भागीदारी का ज्यादा महत्व होगा।

छठे राष्ट्रीय अधिवेशन ‘मंथन 2026’ के इस अवसर पर ‘बिजनेस उत्तरायणी’ आयोजकों द्वारा अधिवेशन अध्यक्षा कर रही उत्तराखंड सरकार राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती विनोद उनियाल व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार व सदस्य गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी अकादमी दिल्ली सरकार चंद्र मोहन पपनै के कर कमलों सभी वक्ताओं व उपस्थित उद्यमियों व व्यवसायियों को ‘अवार्ड ऑफ ऑनर-2026’ से सम्मानित किया गया।

आयोजित कार्यक्रम का ओजस्वी व प्रभावशाली मंच संचालन आयोजक संस्था संस्थापक नीरज बवाड़ी द्वारा तारा बवाड़ी व अन्य अनेकों सहयोगियों के सानिध्य मे प्रभावी अंदाज में किया गया। अधिवेशन समापन से पूर्व अवगत कराया गया, बिजनेस उत्तरायणी द्वारा अगला मंथन जल्द जयपुर (राजस्थान) में आयोजित किया जायेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *